नगर को जलापूर्ति करने वाली पुनाड़ गदेरा पेयजल योजना निर्माणाधीन रुद्रप्रयाग-चिनग्वाड़ सड़क के मलबे से आए दिन क्षतिग्रस्त होने से पेयजल सप्लाई ठप हो रही है। वहीं जखोली में निर्माणाधीन गैंठाणा-सिरवाड़ी मार्ग के मलबे से तैला-सिलगढ़ पेयजल योजना टूट गई है।
बृहस्पतिवार को भी औंण गांव के नीचे पेयजल लाइन टूट गई थी, जिससे पूरे नगर क्षेत्र में पानी की सप्लाई ठप हो गई। जलसंस्थान के ईई संजय सिंह ने बताया कि पीएमजीएसवाई की निर्माणाधीन सड़क से योजना को व्यापक क्षति हो चुकी है। मरम्मत के लिए एक करोड़ 49 लाख का प्रस्ताव पीएमजीएसवाई को भेजा जा चुका है, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला है। इधर, पीएमजीएसवाई के एई विजयपाल सिंह नेगी ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र में कटिंग का कार्य पूरा होते ही प्राथमिकता से टूटी पेयजल योजना को दुरुस्त कर दिया जाएगा। वहीं जखोली के क्षेत्र पंचायत सदस्य निर्मला बहुगुणा, केएस पंवार, यशवीर चौहान, एमएस नेगी जल्द पेयजल आपूर्ति सुचारु करने की मांग की।