पूर्व जिपं अध्यक्ष लक्ष्मी राणा ने किया आपदा प्रभावित सिरवाड़ी गांव का भ्रमण।
- फोटो : RUDRAPRYAG
जखोली विकासखंड के सिलगढ़ पट्टी की 16 ग्राम पंचायतों की लगभग आठ हजार आबादी बीते एक माह से बरसाती स्रोतों का पानी पी रही है। गांवों के लिए जलापूर्ति करने वाली तैला-सिलगढ़ पेयजल योजना नौ अगस्त को सिरवाड़ी में बादल फटने से हुई तबाही से क्षतिग्रस्त पड़ी है।
सिलगढ़ पट्टी के ग्राम पंचायत तैला, नाग, धारकोट, जखनोली, टाट, मुसाढुंग, कुमड़ी, जैली, कंडाली, शिशों, भीमली, सिरसोलिया, पंद्रोला, फलाटी, चाका, पाली, वार्ड के लोग एक माह से पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। क्षेपं सदस्य निर्मला बहुगुणा, केएस पंवार, डीएस जख्वाल, दीपक रावत, यशवीर चौहान, बीएस धीरवान, पीएस फरस्वाण आदि क्षेत्रीय ग्रामीणों का कहना है कि तैला-सिलगढ़ पेयजल योजना का निर्माण वर्ष 2009-10 में हुआ था, लेकिन योजना निर्माण के बाद संबंधित विभाग कभी गंभीर नहीं रहे। वहीं, बीते 9 अगस्त को सिरवाड़ी गांव में बादल फटने से योजना भी कई जगहों पर क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिससे गांवों में पेयजल सप्लाई ठप पड़ी है। संवाद