जिलाधिकारी डा. राघव लंगर ने अधिकारियों को तहसील दिवस में दर्ज शिकायतों को तय समय में पूरा करने को कहा। उन्होंने बरसाती सीजन के चलते अधिकारियों को अपना मुख्यालय न छोड़ने को भी कहा। इस मौके पर दर्ज 16 शिकायतों में अधिकांश का मौके पर निस्तारण किया गया।
तहसील सभागार में आयोजित तहसील दिवस में स्वीकृत जाखणी-टेंदवाल-भणगा मार्ग के स्वीकृति के बावजूद निर्माण नहीं होने पर ग्रामीणों ने रोष जताया। इस पर लोनिवि के ईई इंद्रजीत बोस ने बताया कि प्राथमिक चरण में जिला योजना में एक किमी मार्ग की स्वीकृति मिल गई है। 15 दिन में सर्वे कार्य पूरा कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।
धनकुराली के सुग्रीव सिंह राणा ने बीते सप्ताह क्षतिग्रस्त धनकुराली-जखोली पेयजल योजना की मरम्मत नहीं होने और मयाली निवासी सत्यभामा ने केदारनाथ आपदा में घायल पुत्र को मुआवजा नहीं मिलने की शिकायत की। ग्राम प्रधान अषाड़ सिंह ने मखेत जूनियर हाईस्कूल भवन की मरम्मत व क्षेत्र पंचायत सदस्य विजेंद्र मिेंगवाल ने हाईस्कूल गैंठाणा में शिक्षकों की पूर्ति की मांग की।
इस मौके पर ग्राम प्रधान इंद्रमणी थपलियाल ने नंदवाण-टेंदवाल मार्ग निर्माण के छह वर्ष बाद भी प्रभावित काश्तकारों को मुआवजा नहीं मिलने का मामला उठाया। तहसील दिवस में मौजूद डीएम ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इस मौके पर डीएफओ राजीव धीमान, सीईओ सुभाष चंद्र भट्ट, सीएमओ डा. आरपी बडोनी, एसडीएम देवमूर्ति यादव, तहसीलदार सुनील राज सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद थे।