सड़क से 18 किमी दूर उत्तरकाशी के पिंलग गांव के मदन सिंह, भरत सिंह, सूरत सिंह और हुकम सिंह बृहस्पतिवार कर्नल अजय कोठियाल और आमोद पंवार के साथ केदारनाथ पहुंचे। इनके बेटे धाम के पुनर्निर्माण कार्य में सहयोग दे रहे हैं। ये अपने साथ ढोल-दमाऊं के साथ ढेरों फूल भी लाए हैं, जिससे वे केदारपुरी में नववर्ष का स्वागत करेंगे।
नववर्ष पर धाम पहुंच रहे मुख्यमंत्री हरीश रावत का स्वागत भी अपने अंदाज में ढोल-दमाऊं के साथ करेंगे। केदारनाथ से फोन पर बातचीत में सूरत सिंह ने बताया कि उन्होंने केदारनाथ के बारे में सिर्फ सुना ही था। लेकिन आज कर्नल कोठियाल के प्रयास से उनके बेटों को बाबा केदार की सेवा का मौका मिला है। साथ ही उन्हें भी यहां पहुंचने का अवसर मिला है। बताया कि वे बुधवार को अपने जीवन में पहली बार गाड़ी में बैठे।
दिनभर चलती रही बर्फीली हवा
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम में दिनभर चटक धूप खिली रही। तापमान में बीते चार दिनों की अपेक्षा काफी गिरावट रही। दोपहर 12.45 बजे यहां अधिकतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा पूरे दिन यहां पारा माइनस में रहा। धाम में दिनभर बर्फीली हवा का प्रकोप बना है। इससे पूर्व दोपहर 10 बजे पारा माइनस 6 और दोपहर सवा 12 बजे माइनस 1 डिग्री दर्ज किया गया।