डामरीकरण में अनियमितता पर डीएम ने दिए जांच के आदेश
रुद्रप्रयाग। राज्य योजना के तहत गुप्तकाशी–जाखधार–त्यूड़ी मोटर मार्ग के 471.87 लाख रुपए की लागत से चल रहे सुधारीकरण एवं डामरीकरण कार्य पर गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं। कार्यदायी संस्था द्वारा पहले चरण का डामरीकरण पूरा किया जा चुका है, लेकिन सामाजिक कार्यकर्ता त्रिभुवन चौहान और विपिन सेमवाल ने कार्य की गुणवत्ता पर आपत्ति दर्ज करवाई थी। मामले का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग ने मोटर मार्ग पर चल रहे कार्यों की सम्यक जांच के निर्देश जारी किए हैं। साथ ही जांच अधिकारी को चार दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।
यह मार्ग महत्वपूर्ण माना जाता है, क्योंकि जाखधार स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय तक जिलेभर से छात्र और अभिभावकों का लगातार आना-जाना रहता है। लंबे समय से स्थानीय लोग इसके डामरीकरण की मांग कर रहे थे। त्यूड़ी ग्राम प्रधान सुभाष रावत ने बताया कि डामरीकरण खासकर जहां पाला पड़ता है, वहां खराब पाया गया है। उन्होंने कहा कि कार्यदायी संस्था को दो वर्षों तक मार्ग का रखरखाव भी करना है और जहां गुणवत्ता में कमी है उसे ठीक कराया जाएगा।