रुद्रप्रयाग पुराने विकास भवन में आयोजित जनता दरबार में लोगों की समस्याएं सुनते डीएम मंगेश घिल्ड
- फोटो : RUDRAPRYAG
डीएम मंगेश घिल्डियाल की अध्यक्षता में आयोजित हुए जनता दरबार में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी-अपनी समस्याएं रखी। इस मौके पर दर्ज हुई 80 शिकायतों में से 52 का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
पुराने विकास भवन में आयोजित हुए जनता दरबार में खांकरा निवासी गुड्डी देवी ने रेलवे के लिए अधिगृहित की गई 10 नाली पट्टी की जमीन का मुआवजा न मिलने व उक्त भूमि पर मलबा डालने से पेड़ो को हो रहे नुकसान की शिकायत की। कमोल्डी के दिलबर सिंह ने राउमावि कमोल्डी बच्छणस्यूं के विलिनीकरण न करने, जिला पंचायत सदस्य मीना पुंडीर ने पीएमजीएसवाई के अंतर्गत निर्मित ताला-बरंगाली मोटरमार्ग का पाव-जगपुडा मक्कूमठ तक विस्तारीकरण करने व प्राथमिक विद्यालय पाव में शिक्षकों की कमी की शिकायत की। तरवाड़ी निवासी रघुवीर सिंह ने आवासीय भवन की मांग की। जबकि गिंवाला निवासी शिशुपाल सिंह ने आवासीय भवन के ऊपर सड़क का मलबा आने की शिकायत की। कांदी के प्रधान व ग्रामीणों ने कांदी के अंतर्गत किलाखोण तोक तक लिंक मोटरमार्ग निर्माण की मांग उठाई। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने जिलाधिकारी के सम्मुख अपनी-अपनी समस्याएं रखी। इस मौके पर डीएफओ मयंक शेखर झा, परियोजना निदेशक रमेश चंद, एसडीएम बृजेश तिवाडी, तहसीलदार शालिनी मौर्य, जयवीराम बधाणी, डीएसओ समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।