रुद्रप्रयाग में पुनाड़ गदेरे पर बन रहे आरसीसी पुल का निरीक्षण करते हुए डीएम मंगेश घिल्डियाल।
- फोटो : RUDRAPRYAG
जिला मुख्यालय में पुनाड़ गदेरा पर आरसीसी पुल का निर्माण डिजायन के अनुरूप नहीं होने पर डीएम ने कार्यदायी संस्था और एनएच को कड़ी फटकार लगाई है। साथ ही लोनिवि के अधीक्षण अभियंता के नेतृत्व में मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित कर तीन दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही डीएम ने वार्ड सात में पेयजल व्यवस्था में अनियमितता को लेकर जलसंस्थान के अधिशासी अभियंता (ईई) के वेतन पर भी रोक लगा दी।
ऑल वेदर रोड परियोजना के तहत बदरीनाथ हाईवे पर रुद्रप्रयाग पुनाड़ गदेरे में डाट पुलिया को ध्वस्त कर नया आरसीसी पुल बनाया जा रहा है। बीते एक माह से कार्यदायी संस्था आरसीसी द्वारा कार्य किया जा रहा है। बृहस्पतिवार को डीएम मंगेश घिल्डियाल ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर कार्य का निरीक्षण करते हुए सुस्त गति से हो रहे कार्य पर नाराजगी जताई। साथ ही पुल का निर्माण डिजायन के अनुसार नहीं होने पर एनएच के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। कहा कि किसी भी योजना का कार्य डिजायन के अनुरूप नहीं होना गंभीर लापरवाही है। उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता के नेतृत्व में जांच कमेटी गठित की, जिसमें सिंचाई विभाग और पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता (ईई) शामिल हैं। डीएम ने समिति को पुल के डिजायन बदलने के साथ ही पुल के अभी तक हुए निर्माण कार्य की जांच करेगी। उन्होंने एनएच के अधिकारियों को पुल निर्माण की प्रतिदिन मॉनीटरिंग कर रिपोर्ट देने को कहा। निरीक्षण के उपरांत डीएम नगर पालिका के वार्ड सात पहुंचे, जहां लोगों ने पेयजल आपूर्ति नियमित नहीं होने की शिकायत की। इस पर डीएम ने जलसंस्थान के ईई पर नाराजगी जताते हुए वैकल्पिक अस्थायी व्यवस्था के जरिए पेयजल सप्लाई कराने तक वेतन रोकने के आदेश भी दिए। उन्होंने राजमार्ग के दोनों तरफ मानकानुसार पेयजल लाइन बिछाने के निर्देश दिए, जिससे आवाजाही में कोई दिक्कत नहीं हो।