ऑलवेदर रोड परियोजना के अंतर्गत निर्माणाधीन रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राजमार्ग पर गुप्तकाशी से सोनप्रयाग के बीच घटिया निर्माण कार्य के विरोध में सेरशी व मैखंडा के ग्रामीणों का धरना 14वें दिन भी जारी रहा। तेज बारिश के बावजूद ग्रामीण धरनास्थल पर डटे रहे। उन्होंने एनएच व कार्यदायी संस्था से हाईवे निर्माण के नाम पर क्षतिग्रस्त की गई वन व ग्राम पंचायत की परिसंपत्तियों की मरम्मत समेत प्रभावितों को मुआवजा देने की मांग की।
केदारघाट के सेरशी में पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजाराम सेमवाल के नेतृत्व में धरना देते हुए ग्रामीणों ने एनएच व कार्यदायी संस्था के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि बिना उनकी अनुमति के परिसंपत्तियों को क्षति पहुंचाई गई है। वे विकास के विरोधी नहीं हैं लेकिन जिस तरह से बिना अनुमति के कार्यदायी संस्था ने गांव की पेयजल लाइन, रास्ते ध्वस्त किए हैं वो गैरकानूनी है। गुप्तकाशी से सोनप्रयाग के बीच मनमाने तरीके से कार्य किया गया है। स़ मौके पर अषाढ़ सिंह, विक्रम, रमेश लाल, विरेंद्र सिंह, प्रेम सिंह पंवार, जयपाल, कुलवीर सिंह पंवार, सुरेंद्र लाल, प्रेमलाल अग्रवाल मौजूद थे।