कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक
प्रभावितों के लिए अस्थायी दुकानों और पुनर्मूल्यांकन के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रप्रयाग। बेलनी में 60 वर्ष पुराने स्टील पुल की जगह प्रस्तावित 33.05 करोड़ की लागत वाले 85.68 मीटर लंबे नए मोटर पुल के निर्माण से पहले प्रभावित भवन स्वामियों और व्यापारियों की समस्याओं के समाधान को लेकर जिला कार्यालय सभागार में बैठक हुई। इस दौरान मंत्री ने प्रभावित परिसंपत्तियों के मुआवजे का पुनर्मूल्यांकन करने और व्यापारियों के लिए अस्थायी दुकानें उपलब्ध कराने को कहा।
कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में व्यापारियों ने निर्माण के दौरान कारोबार और दुकानों के प्रभावित होने की आशंका जताई। साथ ही मुआवजे व वैकल्पिक व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं रखीं। इस पर मंत्री ने प्रभावित परिसंपत्तियों के मुआवजे का पुनर्मूल्यांकन करने और व्यापारियों के लिए अस्थायी दुकानें उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्थायी शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के लिए जल्द भूमि चिह्नित करने की प्रक्रिया पूरी करने, मुआवजा और पुनर्स्थापना की कार्रवाई पारदर्शी रखने तथा निर्माण शुरू होने से पहले सभी आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए कहा। बैठक में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, एडीएम श्याम सिंह राणा, एसडीएम सोहन सिंह सैनी और एनएच खंड के ईई ओंकार पांडे सहित संबंधित अधिकारी, प्रभावित लोग और व्यापारी मौजूद रहे। यह नया पुल पुराने पुल के अपस्ट्रीम में बनाया जाना प्रस्तावित है।