36वीं राष्ट्रीय सब जूनियर बालिका हैंडबाल प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले में दिल्ली ने हिमाचल प्रदेश की टीम को 24-13 के स्कोर से हराकर फाइनल में जगह बनाई। वहीं देर शाम शुरू हुए दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में साईं और हरियाणा की टीम के बीच 14-14 के स्कोर से टाई हो गया। दोनों सेमीफाइनल मुकाबले रविवार सुबह को खेले जाएंगे।
उत्तराखंड हैंडबाल एसोसिएशन की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में शनिवार सुबह चार र्क्वाटर फाइनल मैच खेले गए। क्वार्टर फाइनल मुकाबले में साईं और महाराष्ट्र की टीम ने प्रतिभाग किया। इसमें साईं की टीम ने 17-09 के स्कोर से जीत दर्ज की। वहीं, दूसरा मैच दिल्ली और पंजाब के बीच खेला गया। इसमें दिल्ली की टीम ने 28-26 के स्कोर से जीत हासिल की। तीसरा, मैच बिहार और हिमाचल प्रदेश की टीम के बीच खेला गया। इसमें हिमाचल प्रदेश 15-03 के स्कोर से जीती। चौथा और आखिरी मैच हरियाणा और उत्तरप्रदेश की टीम के बीच हुआ, इसमें हरियाणा टीम ने 22-13 के स्कोर से उत्तर प्रदेश को हराया।
विजेता टीमों के बीच शाम को सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। सेमीफाइनल मुकाबले में दिल्ली की टीम ने हिमाचल प्रदेश को हराकर फाइनल में जगह बनाई। वहीं दूसरा मैच देर शाम साईं और हरियाणा की टीम के बीच खेला गया जो टाई हो गया। रविवार सुबह साईं और हरियाणा के बीच दोबारा मैच खेला जाएगा। वहां हैंडबाल फेडरेशन ऑफ इंडिया के कोषाध्यक्ष प्रीतपाल सलुजा, उत्तराखंड ओलंपिक एसोसिएशन के सचिव व हैंडबाल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. डीके सिंह, यूएचएफ के सचिव एलपी सुंदरियाल, जिला क्रीड़ा अधिकारी रशिका सिद्दीकी, यूएचएफ के कोषाध्यक्ष कौशल किशोर सिंह आदि थे।
उत्तर प्रदेश की टीम रही पांचवें स्थान पर
रुद्रपुर। उत्तराखंड हैंडबाल एसोसिएशन की ऑफिशियल टीम से मिले आंकड़ों के अनुसार 36वीं राष्ट्रीय सब जूनियर बालिका प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की टीम पांचवें स्थान पर रही है। वहीं, पंजाब की टीम छठे, बिहार की सातवें व महाराष्ट्र की आठवें स्थान पर रही।
छुट्टी लेकर सिडकुल कर्मी भी डटे हैं सेवा में
रुद्रपुर। उत्तराखंड में पहली बार आयोजित हुई राष्ट्रीय हैंडबाल प्रतियोगिता में वोलियंटर और ऑफिसियल की भूमिका निभा रहे कुछ लोग अपने कार्यालय से छुट्टी लेकर प्रतियोगिता में सेवाएं दे रहे हैं। प्रतियोगिता में निशुल्क सेवा दे रहे एक कर्मी को जब सिडकुल की कंपनी से छुट्टी नहीं मिली तो उसने जॉब छोड़ दी। वहां आंचल बावा, आशा राणा, हीरा लाल सागर, कविता, सुनीता, दीनेश कुमार, गुरप्रीत, राजन सिंह यादव, गोविंद शर्मा हैं। ब्यूरो