जीआईसी बसुकेदार में हुए तहसील दिवस की अध्यक्षता करते हुए डीएम ने कहा कि प्रशासनिक व विभागीय व्यवस्था पर जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए जरूरी है कि समस्याएं समय पर हल हों। तहसील दिवस में पहली शिकायत दानकोट गांव के अरुण कुमार गौड ने बीते वर्ष गेस्ट टीचर नियुक्ति में जखोली में धांधली होने की शिकायत दर्ज कराई। डीएम ने इस मामले में सीईओ को कमेटी गठित करने के निर्देश दिए।
किरोड़ा के ग्राम प्रधान बुद्धि लाल ने इंदिरा आवास योजना की दूसरी किश्त नहीं मिलने की शिकायत की। विमल चंद्र शुक्ला ने सिंगोली-भटवाड़ी विद्युत परियोजना की कार्यदायी संस्था एलएंडटी पर सामाजिक दायित्व योजना में वादाखिलाफी की बात कही। पाली गांव की अनीता देवी ने चंद्रापुरी में ट्राली से उनके बेटे के हाथ की उंगली कटने के बाद भी मुआवजा नहीं देने की शिकायत की।
क्षेत्र पंचायत सदस्य धीर सिंह भंडारी ने डालसिंगी व अरखुड में रसोई गैस वितरण प्वाइंट बनाने और भानुप्रतात भट्ट ने सप्ताह में एक दिन ग्राम विकास अधिकारियों को बसुकेदार तहसील में बैठाने की मांग की। बीरों-देवल निवासी मुराली लाल की विवाहिता बेटी ने दैड़ा निवासी अपने पति पर उत्पीड़न करने की शिकायत की। इस मौके पर सीडीओ सुनील कुमार, डीएफओ राजीव धीमान, एसडीएम श्याम सिंह राणा, तहसीलदार सुनील राज, सीएमओ डा. आरपी बडोनी आदि मौजूद थे।