महाशिवरात्रि के पर्व पर 11 मार्च को ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में केदारनाथ धाम के कपाट ग्रीष्मकालीन यात्रा के लिए खोलने की तिथि व समय तय किया जाएगा। इसके लिए देवस्थानम बोर्ड कार्यालय द्वारा तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं।
देवस्थानम बोर्ड के कार्याधिकारी एनपी जमलोकी ने बताया कि परंपरानुसार रावल भीमाशंकर की मौजूदगी में आचार्यगणों व वेदपाठियों द्वारा पंचांग गणना के आधार पर श्रीकेदारनाथ धाम के कपाटोद्घाटन की तिथि व समय तय किया जाएगा। साथ ही विद्यापीठ के छात्र-छात्राओं द्वारा भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर देवस्थानम बोर्ड के अपर मुख्य अधिकारी बीडी सिंह समेत हक-हकूकधारी भी मौजूद रहेंगे। बीते वर्ष कोरोना संक्रमण के चलते श्रीकेदारनाथ धाम की यात्रा सीमित रही थी, लेकिन इस बार उम्मीद है कि यात्राकाल में अच्छी संख्या में देश-विदेश के श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शनों को धाम पहुंचेंगे। इधर, जिलाधिकारी मनुज गोयल ने बताया कि धाम के कपाट खुलने की तिथि घोषित होने के बाद से यात्रा तैयारियां भी शुरू कर दी जाएंगी। इस वर्ष पड़ावों से लेकर पैदल मार्ग व धाम में यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलें, इसके लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। संवाद