डीएम ने मतदान केंद्रों का 15 दिन में निरीक्षण करने के निर्देश दिए
फोटो -
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रप्रयाग। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर निर्वाचन संबंधी तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने मतदान और मतगणना कार्मिकों का डाटाबेस 15 नवंबर तक तैयार करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सीडीओ राजेंद्र सिंह रावत को मतदान और मतगणना कार्मिकों, माइक्रो ऑब्जर्वर, जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट सहित निर्वाचन में तैनात होने वाली टीमों का डाटाबेस तैयार कराने को कहा। साथ ही मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर भवनों की स्थिति और मूलभूत सुविधाओं का आकलन करने के निर्देश दिए। वहीं अपर जिलाधिकारी और उपजिलाधिकारियों को 15 दिन में सभी संबंधित विद्यालयों का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने क्रिटिकल बूथों की सूची तैयार करने, ईवीएम और वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच सहित तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी करने पर जोर दिया। कम मतदान वाले बूथों और मतदान बहिष्कार की आशंका वाले क्षेत्रों को चिह्नित कर वहां समस्याओं का समाधान करने के निर्देश भी दिए। साथ ही अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर, सीडीओ राजेंद्र सिंह रावत, एडीएम श्याम सिंह राणा, एसडीएम रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी, जखोली के एसडीएम भगत सिंह फोनिया, ऊखीमठ के एसडीएम अनिल रावत, सहायक निर्वाचन अधिकारी विपिन जोशी मौजूद रहे।