अगस्त्यमुनि। ब्लॉक की ग्रामसभा बस्टी में झुकी हुई एलटी लाइन ग्रामीणों के लिए खतरे का कारण बनी है। बिजली के तारों के अधिक नीचे लटकने से गांव में हादसे की आशंका बनी हुई है।
ग्राम प्रधान आकांक्षा भट्ट ने बताया कि एक खंभे से दूसरे खंभे के बीच अधिक दूरी होने के कारण तार ढीले हो गए हैं और नीचे झुक गए हैं। यह बिजली लाइन गांव के कई हिस्सों में पेड़ों के बीच से होकर गुजर रही है। इससे महिलाओं को खेतों में कार्य करते समय और घास लेने जाते समय करंट लगने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने बताया कि इस समस्या को जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम में प्रमुखता से उठाया गया था लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकाला है। इससे ग्रामीणों में रोष है। उधर ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता मनोज कुमार सती ने बताया कि लाइन सुधार के लिए इस्टीमेट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेज दिया गया है। स्वीकृति मिलते ही मरम्मत कार्य शुरू कर दिया जाएगा। संवाद