रुद्रपुर। निकाय चुनाव की रंजिश में एक माह पूर्व कांग्रेसी पार्षद के भाई पर तमंचे से फायर झोंककर भूरारानी क्षेत्र में दहशत फैलाने वाले फरार कांग्रेस कार्यकर्ता को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बीती पांच फरवरी को भूरारानी क्षेत्र के वार्ड 32 से कांग्रेसी पार्षद मोहन खेड़ा का भाई हरीश खेड़ा कार से रुद्रपुर से घर लौट रहा था।
थापर मिल के पास अपने वकील दोस्त राजेंद्र भट्ट के साथ कार से गुजर रहे कांग्रेस कार्यकर्ता साहब सिंह ने हरीश की कार को टक्कर मार दी। कुछ देर दोनों के बीच विवाद होने के बाद हरीश घर की ओर चल दिया। इधर, साहब सिंह ने हरीश का पीछा किया और उसके घर के बाहर उसे घेरकर तमंचे से उस पर फायर झोंक दिया, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई।
लोगों के एकत्र होने पर साहब सिंह मौके से फरार हो गया। हरीश की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर तमंचा बरामद कर लिया था। मंगलवार सुबह मुखबिर की सूचना पर एसएसआई कमलेश भट्ट ने छतरपुर तिराहा से साहब सिंह को गिरफ्तार कर लिया। कमलेश भट्ट ने बताया कि साहब सिंह को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।