रुद्रपुर। लंबे समय से फरार चल रहे गैंगस्टर के आरोपी बंटी चंद को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने एक और गैंगस्टर को अपने रडार पर लिया है। कई आपराधिक मामलों में कोतवाली पुलिस का वांछित उक्त गैंगस्टर छह माह से फरार चल रहा है।
दो दिन पूर्व पुलिस ने लगातार आपराधिक मामलों को अंजाम देने वाले गैंगस्टर के आरोपी पहाड़गंज निवासी बंट चंद को गिरफ्तार कर उसके पास से अवैध असलहे बरामद किए थे। बंटी के खिलाफ रुद्रपुर कोतवाली में हत्या, हत्या का प्रयास, अवैध असलहे रखने और गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज है। बंटी से पूछताछ में पुलिस को कोतवाली क्षेत्र से फरार चल रहे एक और गैंगस्टर के बारे में अहम सुराग मिले हैं। भूरारानी रोड मदकोटा का रहने वाला उक्त गैंगस्टर 10 दिसंबर 2018 से फरार चल रहा है। उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसके साथ ही एसएसपी बरिंदरजीत सिंह के निर्देश पर पुलिस अब तक जिले भर से गैंगस्टर एक्ट में निरुद्ध हुए लोगों की कुंडली भी खंगालकर उनके साथ आपराधिक वारदातों में शामिल होने वाले लोगों को भी चिह्नित करने में जुटी है। इन लोगों को चिह्नित करने के बाद पुलिस गैंग रजिस्ट्रर करेगी। साथ ही एसओजी की एक टीम को भी फरार चल रहे ईनामी बदमाशों की धरपकड़ में लगाया गया है। माना जा रहा है कि पंचायत चुनाव से पहले पुलिस प्रशासन गैंगस्टर के साथ ही फरार चल रहे कई इनामी बदमाशों को गिरफ्तार कर सकती है। ब्यूरो
गैंगस्टर को शरण देने वाले पर भी केस
रुद्रपुर। गैंगस्टर बंटी चंद को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने उसे शरण देने वाले दिनेशपुर नेताजीनगर निवासी गुरपेज सिंह के खिलाफ भी धारा 216 (अपराधी को शरण देना) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। बाजार चौकी प्रभारी होशियार सिंह ने बताया कि गुरपेज फिलहाल फरार चल रहा है, जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही बंटी को हथियार सप्लाई करने वाले यूपी बहेड़ी के एक युवक की धरपकड़ के लिए भी दबिश दी जा रही है।