चोरी की रकम के साथ धर दबोचा
बैंक में महिला के उड़ाए थे 50 हजार रुपये
सीसीटीवी कैमरे से हुई आरोपी की पहचान
रुद्रप्रयाग।
अगस्त्यमुनि में यूनियन बैंक में रुपये जमा करने के लिए लाइन में खड़ी हुई महिला के 50 हजार रुपये उड़ाने वाले व्यक्ति को पुलिस ने बाजार से धर दबोचा। उसके कब्जे से चोरी की रकम भी बरामद कर ली गई है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
बीते मंगलवार को विजयनगर निवासी संगीता देवी ने डाकघर अगस्त्यमुनि से अपने खाते से दो लाख रुपये निकाले थे। इस राशि को वह यूनियन बैंक में अपने खाते में जमा कराने पहुंची। जमा पर्ची भरने के बाद उसने नोटों की गड्डियां बैंक क्लर्क को दी, तो गिनती करने पर धनराशि डेढ़ लाख पाई गई। इस पर महिला ने तत्काल पुलिस थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। थानाध्यक्ष सुबोध ममगाईं के नेतृत्व में पुलिस महिला के साथ बैंक पहुंची। बैंक में सीसीटीवी कैमरा को चेक किया गया तो पाया कि रुपये जमा करने के लिए लगी उपभोक्ताओं की लाइन में खड़े एक व्यक्ति ने महिला से नोटों की गड्डियों से एक गड्डी निकाली और बाहर चला गया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने बाजार से आरोपी धनपत सिंह पुत्र राय सिंह निवासी ग्राम नेहरा (इमली) को चोरी की गई 50 हजार रुपये के साथ धर दबोचा। आरोपी के खिलाफ भादंसं की धारा 379 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया था।