केदारनाथ में मलबा सफाई का कार्य चौथे दिन में जारी रहा। नेहरू पर्वतारोहण संस्थान द्वारा चार दिन में लगभग पंद्रह प्रतिशत मलबा साफ कर दिया गया है। कालीकमली धर्मशाला से लेकर मेरठ मंडल और निकटवर्ती गलियों की सफाई पूरी होने वाली है।
शनिवार से निम द्वारा आपदा से केदारनाथ में जमा टनों मलबे की सफाई की जा रही है। मलबे में भारी-भरकम बोल्डर भी निकल रहे हैं। निम द्वारा कार्य में चालीस मजदूर लगाए गए हैं। एकत्रित किए जा रहे मलबे को ट्रैक्टर व ट्रक में भरकर केदारपुरी में सुरक्षित अन्यत्र स्थान पर डंप किया जा रहा है।
निम के देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि कई स्थानों पर दस फिट तक मलबा जमा हो रखा है। निजी भवनों की सफाई के बाद हेलीपैड के ऊपरी तरफ से लेकर मंदिर मार्ग तक मलबा साफ किया जाएगा। बताया कि जिस तरह से मलबा जमा है, उससे केदारपुरी की पूरी सफाई में समय लग सकता है।