रुद्रप्रयाग। जनपद में क्लस्टर विद्यालयों का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। करीब साढ़े तीन करोड़ की लागत से तीन क्लस्टर विद्यालय भवनों का निर्माण किया जा रहा है।
जिले में जीआईसी घिमतोली, जीआईसी मनसूना और जीआईसी सिद्धसौड़ को क्लस्टर विद्यालय बनाया गया है। शिक्षा विभाग इन विद्यालयों को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित कर रहा है। यहां वर्चुअल कक्षाएं, आईटी लैब व आधुनिक सुविधाओं से युक्त प्रयोगशालाओं के अलावा अन्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। जीआईसी घिमतोली को जीआईसी कांडई दशज्यूला व जीआईसी खड़पतिया का क्लस्टर, जीआईसी जीआईसी मनसूना को जीआईसी राऊंलेक तथा जीआईसी सिद्धसौड़ को जीआईसी किरोड़ा मल्ला का क्लस्टर विद्यालय बनाया गया है। सीईओ पदमेंद्र बिष्ट ने कहा कि कोई भी विद्यालय बंद नहीं किया जा रहा है। यदि कोई अभिभावक अपने पाल्य को संबंधित विद्यालय के क्लस्टर विद्यालय में पढ़ाना चाहता है तो छात्र को क्लस्टर विद्यालय में आने जाने का शुल्क शिक्षा विभाग की ओर से दिए जाने का प्रावधान है। कहा कि जिले में तीन क्लस्टर विद्यालयों के भवन का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है।