ब्लॉक मुख्यालय के डाकघर में 12 दिन से इंटरनेट कनेक्टिविटी नहीं होने से कामकाज ठप पड़े हैं। ग्राहकों के आरडी, सेविंग बैंक पॉलिसी, डाक रिसीव व वितरण के काम भी नहीं हो रहे हैं, जिससे उन्हें बैरंग लौटना पड़ रहा है। जनप्रतिनिधियों का कहना है कि विभाग को अवगत कराने पर भी स्थिति जस की तस है। उन्होंने दो दिन में समस्या का समाधान नहीं होने पर डाकघर में तालाबंदी की चेतावनी दी है।
बीते 9 मई से उप डाकघर ऊखीमठ में इंटरनेट कनेक्टिविटी नहीं होने से सभी कामकाज ठप है। यहां अधिकारी/कर्मचारी सिर्फ अपनी हाजिरी भरने तक सीमित हैं। पेंज गांव निवासी पूनम का कहना है कि वह पांच दिन से पोस्ट ऑफिस के चक्कर लगा रही हैं, लेकिन कनेक्टिविटी के अभाव में उसकी आरडी किश्त जमा नहीं हो पा रही है। वहीं, ऊखीमठ निवासी नीलम सेमवाल ने बताया कि सुकन्या योजना में अपनी बेटी का खाता खुलवाने के लिए वह छह दिन से डाकघर पहुंच रही हैं, लेकिन उन्हें हर दिन बैरंग लौटना पड़ा है। पठालीगांव के मनवर सिंह नेगी, भटवाड़ी के संतोष पंवार और किमाणा के ग्राम प्रधान संदीप पुष्पवाण का कहना है कि ऊखीमठ डाकघर में कनेक्टिविटी की समस्या नई नहीं है। समय-समय पर संचार सेवा में दिक्कत का खामियाजा उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। इधर, डाकघर के पोस्टमाटर एसएस राणा का कहना है कि कनेक्टिविटी नहीं होने से वित्तीय सहित अन्य ऑनलाइन कामकाज ठप पड़ा है।
उप डाकघर ऊखीमठ में कनेक्टिविटी की समस्या के बारे में जानकारी प्राप्त कर समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा। रुद्रप्रयाग व चमोली जिले में कई डाकघरों में डाक रिसीव व वितरण में भी दिक्कतें आ रही हैं, जिसके बारे में आला अधिकारियों को सूचित किया जा चुका है। - एचसी उपाध्याय, डाक अधीक्षक गोपेश्वर, चमोली।