रुद्रपुर। नगर निगम में हुए कथित एलईडी घोटाले में मेयर के खिलाफ कांग्रेसी पार्षदों का आक्रोश थम नहीं रहा है। शनिवार को कांग्रेस पार्षदों ने इंदिरा चौक में मेयर रामपाल सिंह का पुतला फूंका।
महानगर अध्यक्ष जगदीश तनेजा ने आरोप लगाया कि एक साल के कार्यकाल में ही मेयर ने घोटाले को अंजाम दे दिया है। एलईडी खरीद के अलावा कूड़ा कलेक्शन का कार्य बिना टेंडर चहेतों को दिया। उन्होंने गड़बड़ियों की उच्चस्तरीय जांच की मांग की। निकाय चुनाव में पैसा लगाने वालों को काम दिए जा रहे हैं। कहा कि यदि मेयर पाक साफ है तो क्यों नहीं डीएम से पूरे मामले की जांच की सिफारिश कर रहे हैं। वहां पर पार्षद मोहन खेड़ा, मोनू निषाद, सुरेश गौरी, सचिन मुंजाल, परवेज कुरैशी, राजेश कुमार, राजीव कामरा, मोहन भारद्वाज, महेंद्र, राम सिंह, अकबर, साबिर रहे।