रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने ग्राम्य विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को माह के अंत तक निर्धारित लक्ष्यों को शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए।
विकास भवन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत संचालित योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया और समय पर पूरा करने पर जोर दिया। बैठक में उत्तराखंड स्टेट रूरल लाइवलीहुड मिशन, प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना, सांसद निधि, विधायक निधि, मुख्यमंत्री पलायन रोकथाम योजना, रीप-ग्रामोत्थान परियोजना और मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों के स्थानीय उत्पादों की पैकेजिंग, ब्रांडिंग और विपणन को मजबूत करने के भी निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ राजेंद्र सिंह रावत, जिला विकास अधिकारी मानवेन्द्र कौर, बीडीओ ऊखीमठ अनुष्का, अगस्त्यमुनि सुरेश शाह एवं जखोली तथा जिला परियोजना प्रबंधक ग्रामोत्थान परियोजना सरिता जोशी आदि अधिकारी मौजूद रहे।