संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रप्रयाग। चंद्रापुरी-स्यालसौड़ पुलिस बैरियर पर जनप्रतिनिधियों के साथ अभद्रता और मारपीट के मामले की जांच अंतिम चरण में है। जांच अधिकारी पुलिस उपाधीक्षक विकास पुंडीर ने शुक्रवार को कई लोगों के बयान दर्ज किए। इससे पहले सात लोगों के बयान लिए जा चुके हैं। आज 6 जून को रिपोर्ट सौंपे जाने की संभावना है।
तीन दिन पूर्व स्यालसौड़ बैरियर पर तैनात एक उपनिरीक्षक पर यूकेडी के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. आशुतोष भंडारी, प्रधान संगठन अगस्त्यमुनि ब्लॉक के अध्यक्ष मनोज वैष्णव और ऋतिक नौटियाल के साथ मारपीट और अभद्रता का आरोप लगा था। घटना के बाद स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने विरोध जताते हुए संबंधित पुलिसकर्मी के निलंबन की मांग की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर संबंधित उपनिरीक्षक को तैनाती स्थल से हटा दिया गया है। वहीं घटना की जांच पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग विकास पुंडीर को सौंपी गई है। सीओ पुंडीर ने बताया कि मामले से जुड़े लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। सभी पक्षों के बयान लेने के बाद जांच रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक को सौंप दी जाएगी। इसके बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
-
घटना की जांच सीओ गुप्तकाशी को सौंपी
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ मंदिर परिसर में निकासी गेट पर श्रद्धालुओं पर कार्रवाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद घटना की जांच पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी को सौंपी गई है। वहीं पुलिस कर्मी को ड्यूटी प्वाइंट से हटा दिया गया है। पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग विकास पुंडीर ने बताया कि कुछ श्रद्धालु निकासी गेट से मंदिर परिसर में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे थे। पुलिसकर्मियों के समझाने के बावजूद लोग उसी रास्ते से जाने का प्रयास करते रहे जिससे आने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रभावित हो रही थी। संवाद