केदारनाथ से गौचर के लिए रवाना होने से पूर्व यूपी के सीमए योगी आदित्यनाथ व उत्तराखंड के सीएम त्रिव
- फोटो : RUDRAPRYAG
भारी बर्फबारी के चलते केदारनाथ में आठ घंटे फंसे रहने के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत समेत अन्य मंत्रीगण व अधिकारी शाम पौने पांच बजे हेलीकॉप्टर से गौचर चले गए। खराब मौसम के कारण वे गौचर में ही आईटीबीपी कैंप में रात्रि प्रवास करेंगे और मंगलवार को मौसम साफ रहने पर ही बदरीनाथ जाएंगे।
सोमवार को तड़के से ही केदारनाथ में तेज बर्फबारी होती रही। सुबह 8.30 बजे बाबा केदारनाथ के कपाट बंद होने के बाद यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ व प्रदेश के सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत मंदिर मार्ग पर बाबा की डोली के साथ गए। डोली को विदा करने के बाद सीएम योगी को करीब 8.40 बजे बदरीनाथ धाम के लिए रवाना होना था, लेकिन बर्फबारी के चलते हेलीकॉप्टर केदारनाथ नहीं पहुंच सका। इसके बाद प्रशासन व पुलिस अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दोनों मुख्यमंत्री व अन्य अतिथिगण जीएमवीएन के विश्राम गृह में पहुंचे। जहां मौसम साफ होने का इंतजार करते रहे, लेकिन दिन चढ़ने के साथ बर्फबारी तेज होती रही। शाम करीब सवा चार बजे मौसम में थोड़ा सुधार होने पर एमआई-26 हेलीपैड की बर्फ साफ की गई। शाम 4.40 बजे देहरादून से हेलीकॉप्टर केदारनाथ पहुंचा, जिसमें दोनों सीएम गौचर हवाई पट्टी के लिए रवाना हुए। तहसीलदार सोहन सिंह रागड़ ने बताया कि सीएम योगी व सीएम रावत गौचर में आईटीबीपी कैंप में ही रात्रि प्रवास करेंगे। उन्होंने बताया कि मंगलवार को मौसम साफ होने पर वे बदरीनाथ जाएंगे अन्यथा गौचर से ही देहरादून लौट जाएंगे।