रुद्रपुर के सिडकुल में वीरान पड़ा सिटी पार्क।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। सिडकुल में करोड़ों रुपयों की लागत से तैयार सिटी पार्क का गेट जनता के लिए जल्द खुलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। अफसरों की अनदेखी से उजाड़ हो रहा यह पार्क सरकारी पैसे ही बर्बादी का नमूना भर रह गया है।
दरअसल सिडकुल में करीब दस एकड़ जमीन पर वर्ष 2012 में सिटी पार्क निर्माण का खाका तैयार किया था। पार्क का मकसद लोगों के लिए बैठने और घूमने के लिए बेहतर जगह मुहैया कराना था। 2013 में सिडकुल ने पार्क निर्माण के लिए यूपी निर्माण निगम से अनुबंध करने के साथ ही बजट भी आवंटित कर दिया था। इसके बाद निर्माण निगम ने पार्क निर्माण का कार्य शुरू कर दिया था।
योजना के तहत पार्क में बैंच, लाइट, म्यूजिकल फव्वारे, रेस्टारेंट, शौचालय, पार्किंग, व्यायामशाला समेत तमाम निर्माण करने थे। पार्क के समीप गुजरने वाली नहर का सौंदर्यीकरण किया जाना था। वर्ष 2017 में 70 फीसदी से अधिक कार्य सिटी पार्क में हो चुका था। पार्क में हुए निर्माण कार्यों में धांधली की शिकायत पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने जांच बिठाई तो बड़े पैमाने पर निर्माण कार्यों में गड़बड़झाले का खुलासा हुआ था और निर्माण निगम का भुगतान रोक दिया गया था।
इसके बाद से ही निर्माण कार्य ठप है। कुछ महीने पहले ही इस मामले में एसआईटी जांच के आदेश हुए थे और वर्तमान में जांच चल रही है। लेकिन तीन साल से अधिक समय से वीरान पड़ा सिटी पार्क में देखरेख के अभाव में उजड़ रहा है। यहां लगा साजो सामान भी खराब होने के साथ ही फव्वारे में लगाई टाइल्स उखड़ने के साथ ही बैंचों में जंक लग गई है।
कुछ समय पूर्व सिडकुल के एमडी ने पार्क संचालन को लेकर कवायद शुरु की थी, लेकिन वह रंग नहीं ला रही है। सिडकुल के जीएम पीसी दुम्का ने बताया कि सिटी पार्क के निर्माण कार्यों की एसआईटी जांच चल रही है। एसआईटी जांच खत्म होने के बाद ही इसके संचालन को लेकर कोई कार्यवाही की जा सकेगी।