रुद्रपुर। बच्चा चुराने के शक में मंगलवार रात भीड़ ने किच्छा निवासी एक युवक के कपड़े उतारकर उसकी जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान कुछ लोगों ने इसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। इसमें कहा जा रहा है कि युवक पुरानी गल्ला मंडी से बच्चा चुराते हुए पकड़ा गया है जबकि उसके साथी फरार हो गए।
युवक के सिर से खून बहने पर कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया। युवक की पहचान शाकिर पुत्र मुन्ने निवासी नूरी मस्जिद किच्छा के रूप में होने पर पुलिस ने उसके परिजनों को थाने बुलाकर पूछताछ की। परिजनों ने बताया कि शाकिर मानसिक रूप से अस्वस्थ है और कुछ समय पूर्व भी घर से बिना बताए लापता हो गया था। इसके बाद पुलिस ने शाकिर को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बुधवार सुबह शाकिर के पिता ने मारपीट करने वालों के खिलाफ तहरील दी। पुलिस ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट अपलोड कर लोगों से बच्चा चोरी की अफवाहों पर ध्यान न देकर मॉब लिंचिंग जैसी घटनाओं को अंजाम न देने की अपील की है। ब्यूरो