मंगलवार को दोपहर बाद कुछ देर के लिए हुई तेज बारिश के बीच केदारनाथ में 1692 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए। कपाट खुलने के बाद से धाम में 2,39,386 यात्री दर्शन कर चुके हैं। बीकेटीसी के कार्याधिकारी अनिल शर्मा ने बताया कि द्वितीय केदार मद्महेश्वर और तृतीय केदार तुंगनाथ धाम सहित शक्तिपीठ कालीमठ और शिव-विवाह स्थली त्रियुगीनारायण में भी निरंतर श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब की यात्रा मंगलवार को खराब मौसम के बीच भी सुचारु रही। बदरीनाथ धाम में 3467 तीर्थयात्रियों ने मत्था टेका। धाम में सुबह चटख धूप खिली रही, लेकिन दोपहर बाद धाम में बारिश शुरू हुई, हालांकि देर शाम तक मौसम खुल गया था। मौसम खराब होने से धाम में ठंड में इजाफा हो गया है। हेमकुंड साहिब की तीर्थयात्रा पर 1462 सिख तीर्थयात्री घांघरिया पहुंचे।
उत्तरकाशी जिले में चौथे दिन भी बारिश नहीं हुई, लेकिन भारी बारिश की भविष्यवाणी से चार धाम यात्रा काफी प्रभावित हुई। मंगलवार को महज 1562 तीर्थयात्री ही यमुनोत्री एवं गंगोत्री धाम पहुंचे। फिलहाल खुशगवार मौसम और यात्रा मार्ग पर यातायात सुचारु होने से तीर्थयात्रियों के धामों तक पहुंचने का सिलसिला जारी है। मंगलवार को महज 424 यमुनोत्री और 1138 गंगोत्री धाम पहुंच कर तीर्थयात्रियों ने दर्शन किए। ब्यूरो