गदरपुर। तीन तलाक एवं मारपीट के मामले में कोर्ट के आदेश पर पीड़ित महिला के पति समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। थाने में तीन तलाक को लेकर यह पहला मुकदमा है।
बता दें कि ग्राम झगड़पुरी निवासी चमन जहां का सरवरखेड़ा थाना कुंडा निवासी पति फिरासत से घरेलू विवाद एवं दहेज उत्पीड़न से संबंधित मामला वन स्टॉप सेंटर रुद्रपुर में चल रहा था। बीती 16 अगस्त को चमन जहां काउंसलिंग के लिए वन स्टॉप सेंटर रुद्रपुर आई थीं।
इस दौरान वहां पहुंचे पति फिरासत एवं उसके पिता रियासत ने दो अन्य अज्ञात लोगों के साथ चमन जहां से गालीगलौज कर मारपीट कर दी। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद भी हुई थी। वहां मौजूद लोगों ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया।
आरोप है कि चमन जहां अपने परिजनों के साथ घर लौट रही थी तो रास्ते में खालसा ढाबे के पास ससुरालियों ने उसे रोका और जबरन कार में बैठाकर ले जाने का प्रयास किया। विरोध करने पर पति फिरासत ने चमन को तीन बार तलाक कह दिया और वहां से फरार हो गया।
16 अगस्त को ही चमन जहां ने पति फिरासत, ससुर रियासत एवं दो अन्य लोगों के खिलाफ गदरपुर पुलिस और एसएसपी कार्यालय में शिकायत की लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इस पर चमन जहां ने न्यायालय की शरण ली। कोर्ट ने गदरपुर पुलिस को केस दर्ज करने के आदेश दिए।
इस पर पुलिस ने पीड़िता के पति फिरासत, ससुर रियासत एवं दो अन्य लोगों के खिलाफ मुस्लिम महिला अधिनियम 2019 की धारा 3, 4 के अलावा आईपीसी की धारा 323, 341, 498ए, 504 के तहत केस दर्ज कर लिया। एसओ जसविंदर सिंह ने बताया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।