विकासखंड के बड़मा पट्टी के दर्जनभर गांवों के लिए हरिद्वार से बस सेवा शुरू हो गई है। बस सेवा शुरू होने पर ग्रामीणों ने खुशी मनाते हुए एक-दूसरे को मिठाई बांटी। इस दौरान चालक व परिचालक का माल्यार्पण कर भव्य स्वागत भी किया।
बृहस्पतिवार को जीएमओयूलि द्वारा हरिद्वार से रुद्रप्रयाग होते हुए अगस्त्यमुनि-उत्तर्सू-जखोली-बड़मा मोटर मार्ग पर बस का संचालन शुरू किया गया है। हरिद्वार से सुबह 5 बजे चली बस शाम चार बजे जखोली पहुंची। लोगों ने बस चालक व परिचालक का स्वागत किया और मिठाई बांटकर खुशी जताई। सामाजिक कार्यकर्ता संदीप सिंह रावत ने बताया कि लंबे समय के बाद क्षेत्र के लिए पुन: बस सेवा शुरू हुई है, जिससे लोग खुश हैं। इस मौके पर क्षेपं सदस्य आनंद सिंह, प्रकाश सिंह, सुमान सिंह, संजय, सपना देवी, रूकमणी देवी, नरेंद्र सिंह, नरेंद्र लाल समेत अन्य ग्रामीण मौजूद थे। संवाद