कमसाल गांव निवासी व बीएसएफ में तैनात हेड कांस्टेबल लखपत लाल का हार्टअटैक से आकस्मिक निधन हो गया। वह बेटी की शादी के लिए इन दिनों छुट्टी लेकर घर आए थे। बेटी की शादी 5 मई को होनी है। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा है।
बीएसएफ के हेड कांस्टेबल लखपत लाल (48) का परिवार विजयनगर में रहता है। बीते सोमवार को लखपत लाल (48) स्वास्थ्य जांच के लिए सीएचसी अगस्त्यमुनि गए थे। वह दवा लेकर घर चले गए। बताया जा रहा है कि शाम को छह बजे उन्हें सीने में दर्द हुआ। परिजन उन्हें सीएचसी अगस्त्यमुनि लाए जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मंगलवार को सौड़ी स्थित मंदाकिनी नदी के पैतृक घाट पर जवान के पार्थिव शरीर को आईटीबीपी और पुलिस के जवानों ने अंतिम सलामी दी और पुष्पचक्र अर्पित किए।
Kedarnath Heli Seva: मई के पहले सप्ताह में खुलेगा दूसरा स्लॉट, जून में यात्रा के लिए होगी टिकटों की बुकिंग
इसके बाद सैन्य सम्मान के साथ उनकी अंत्येष्टि की गई। पुत्र ने चिता को मुखाग्नि दी। जवान अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गए हैं। स्थानीय डीएल मंगवाल ने बताया कि लखपत मणिपुर में तैनात थे और पांच मई को बेटी की शादी के लिए छुट्टी लेकर इन दिनों घर आए थे। उनके निधन पर केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र की विधायक आशा नौटियाल, पूर्व विधायक मनोज रावत, दायित्वधारी चंडी प्रसाद भट्ट, नगर पंचायत के अध्यक्ष राजेंद्र गोस्वामी, मातवर सिंह राणा, ग्राम प्रधान संगठन के पूर्व अध्यक्ष विक्रम सिंह नेगी, शिव लाल आर्य, सुरेंद्र लाल आर्य आदि ने शोक जताया।