दिनेशपुर में कोरोना संक्रमित मिले युवक का घर सैनिटाइज करता स्वास्थ्य कर्मी।
- फोटो : RUDRAPUR
दिनेशपुर। पंतनगर के क्वारंटीन सेंटर में जांच के बाद कोरोना पॉजिटिव पाए गए दिनेशपुर निवासी मां-बेटे एक जुलाई को महाराष्ट्र से हवाई मार्ग के जरिये उत्तराखंड आए थे। 25 साल का युवक मुंबई के पेंदर गांव में एक सर्विस सेंटर में इलेक्ट्रिशियन का काम करता है।
वह अपनी 48 वर्षीय मां के साथ वहां एक किराए के मकान में एक साल से रह रहा था। एक जुलाई की सुबह पांच बजे मुंबई के शांताक्रूज हवाई अड्डे से दोनों मां-बेटे फ्लाइट के जरिए पहले दिल्ली पहुंचे और दिल्ली से फ्लाइट से देहरादून पहुंचे थे।
देहरादून से ट्रेन से दोनों रात साढ़े दस बजे रुद्रपुर के रेलवे स्टेशन पहुंचे और बाइक से दिनेशपुर के वार्ड नंबर 4 स्थित अपने घर पर आ गए। दो जुलाई की सुबह पुलिस ने स्वास्थ्य जांच के बाद दोनों को पंतनगर स्थित क्वारंटीन सेंटर भेज दिया।
रविवार को दोनों के सैंपल पॉजिटिव पाए जाने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने युवक के घर को सैनिटाइज किया। घर में मौजूद युवक के पिता और एक किराएदार परिवार को सोमवार को स्वास्थ्य परीक्षण के लिए गदरपुर में आने के निर्देश दिए।