केदारनाथ में 24 घंटे मिलेगा गर्म पानी, सोनप्रयाग में स्थापित हुई पेलेट निर्माण इकाई
लिंचोली और गौरीकुंड में भी लगेंगे हॉट वॉटर जनरेटर
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर खच्चरों की लीद के निस्तारण के लिए सोनप्रयाग में खच्चरों की लीद और पिरूल से बायोमास पेलेट बनाने की इकाई स्थापित की गई है। जिला प्रशासन के अनुसार पहली बार इस तरह की पहल की गई है। बुधवार को जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने इकाई का निरीक्षण कर इसकी कार्यप्रणाली देखी। इकाई में तैयार पेलेट से केदारनाथ में श्रद्धालुओं के लिए लगाए गए हॉट वॉटर जनरेटर के माध्यम से 24 घंटे निशुल्क गर्म पानी उपलब्ध कराया जाएगा। जल्द लिंचोली और गौरीकुंड में भी हॉट वॉटर जनरेटर स्थापित किए जाएंगे।
इन बायोमास पेलेट (कोयला) का इस्तेमाल हॉट वॉटर बॉयलर और ढाबों को उपलब्ध कराए जाने वाले फायर स्टोव में भी होगा। इससे गैस और डीजल की खपत कम करने में मदद मिलेगी। उत्तराखंड के उद्योगों की फर्नेस में भी इनके इस्तेमाल की योजना है। हालांकि फिलहाल इकाई बड़े पैमाने पर उत्पादन करने में सक्षम नहीं है। एनजीओ हाईफीड ने उत्तराखंड पर्यटन विभाग के सहयोग और जिला प्रशासन, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी कार्यालय व वन विभाग के समन्वय से यह इकाई स्थापित की है। हाईफीड के निदेशक उदित घिल्डियाल ने बताया कि यात्रा में यात्रियों की भीड़ के कारण सोनप्रयाग में इकाई और केदारनाथ में हॉट वॉटर जनरेटर स्थापित करने में कठिनाइयां आईं। मगर अब बायोमास पेलेट से समस्या का समाधान होगा। जल्द ही लिंचोली और गौरीकुंड में भी हॉट वॉटर जनरेटर स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि यह बायोमास पेलेट कार्बन न्यूट्रल ईंधन विकल्प के रूप में विकसित किए गए हैं। इनका इस्तेमाल हॉट वॉटर बॉयलर के साथ यात्रा मार्ग के ढाबों को उपलब्ध कराए जाने वाले विशेष फायर स्टोव में भी किया जाएगा। इससे गैस और डीजल की खपत कम करने में मदद मिलेगी. इसके अलावा उत्तराखंड में स्थापित विभिन्न उद्योगों की भट्टियों में भी इन पेलेट के इस्तेमाल की संभावनाएं भी तलाशी जा रही है.