खलियाण-बांगर गांव में आराध्य श्रीवासुदेव भगवान के दर्शनों के लिए भीड़ जुटी रही। इस दौरान ध्याणियों और प्रवासी ग्रामीणों ने पूजा-अर्चना कर मनौती मांगी।
21 वर्ष बाद हो रही भगवान वासुदेव की दिवारा यात्रा को लेकर बांगर क्षेत्र के 16 गांवों में उत्साह बना हुआ है। रविवार को देवता की डोली पुजार गांव मंदिर से पहले पड़ाव खलियाण गांव पहुंची थी। 220 परिवारों वाले इस गांव में भगवान की डोली डेढ़ माह तक प्रवास करेगी। इस दौरान प्रतिदिन 5-5 परिवार देवता की पूजा-अर्चना करेंगे। सोमवार को गांव में देवता की पूजा-अर्चना और दर्शनों के लिए ध्याणियों की भीड़ जुटी रही।
आयोजन समिति के अध्यक्ष बीएस रावत और भगवान वासुदेव मंदिर समिति के अध्यक्ष एमएस पंवार ने बताया कि दिवारा यात्रा 9 माह तक होगी। अगले वर्ष जनवरी में 18 दिवसीय महायज्ञ होगा।