कलश संस्था के सहयोग से आयोजित श्री 108 स्वामी सच्चिदानंद महाराज स्मृति समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम करने वाले 17 लोगों को ज्योर्तिविद पंड़ित भाष्करानंद बेंजवाल सम्मान से सम्मानित किया गया। इस मौके पर छात्र-छात्राओं ने लोकसंस्कृति पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि समाजसेवी हेमलता बहन ने किया। उन्होंने कहा कि सबके सहयोग से समाज को नई दिशा दी जा सकती है। उन्होंने शिक्षा और संस्कृति के साथ आर्थिक व सामाजिक परिवेश को बेहतर बनाने की बात कही। कहा कि प्राचीन धरोहरों के संरक्षण के लिए काम करना होगा। नगर पालिका अध्यक्ष राकेश नौटियाल ने कहा कि श्री108 स्वामी सच्चिदानंद के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता।
शिक्षाविद् विष्णुदत्त कुकरेती और चंद्रशेखर बेंजवाल ने पं. भाष्करानंद बेंजवाल के साहित्य व ज्योतिष में योगदान पर चर्चा की। इस अवसर पर ज्योर्तिविद् शिव प्रसाद पुरोहित, मूर्तिकार रघुवीर लाल, लोकगायिका रामचंद्री देवी सहित 17 लोगों को ज्योर्तिविद् पंडित भाष्करानदं बेंजवाल स्मृति सम्मान से नवाजा गया। इस मौके पर जीजीआईसी की छात्राओं व अन्य कलाकारों ने लोक संस्कृति पर आधारित रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
ओपी सेमवाल के संचालन में आयोजित समारोह में भरत सिंह चौधरी, वीपी बेंजवाल, संदीप रावत, दिलवर रावत, अनिल स्वामी, डा. राकेश भट्ट, शैलेंद्र तिवारी, अशोक चौधरी आदि थे।