बार-बार आगाह करने के बाद भी लोग ठगी के शिकार हो रहे हैं। ऐसा ही एक मामला यहां पंजाब नेशनल बैंक के खाताधारक के साथ हुआ। फोन कर ग्राहक से एटीएम कार्ड के बारे में जानकारी लेकर ठगी करने वाले गिरोह ने एक व्यक्ति के खाते से 15 हजार से अधिक की रकम उड़ा ली है।
बुधवार को पंजाब नेशनल बैंक के खाताधारक विजय को सुबह 10 बजे मोबाइल पर कॉल आई, जिसमें उन्हें यह कहा गया कि उनका एटीएम कार्ड बंद होने वाला है। कार्ड को जारी रखने के लिए उनसे एटीएम का नंबर पूछा गया। खाताधारक की ओर से जानकारी देने के आधे घंटे बाद मोबाइल पर तीन संदेश आए।
खाताधारक ने शाम को घर पहुंचने पर मोबाइल चेक किया तो पाया कि उसके खाते से क्रमश: 9999, 5000 और 600 रुपये निकाले गए हैं। खाते में मात्र 157 रुपये शेष हैं। इधर, बैंक प्रबंधन का कहना है कि किसी भी खाताधारक को उसके खाते से जुड़ी जानकारी मोबाइल या बेस फोन पर नहीं दी जाती है।
उपभोक्ताओं को निरंतर इस संबंध में जागरूक किया जा रहा है। इधर, पुलिस अधीक्षक पीएन मीणा ने बताया कि किसी भी उपभोक्ता के मोबाइल पर अगर बैंक खाते से जुड़ी जानकारी या लॉटरी खुलने की बात कही जा रही तो तुरंत ना कह दें और तुरंत संबंधित बैंक प्रबंधन को सूचित करें।
विदित हो कि 11 मई को टिहरी गढ़वाल जिला सहकारी बैंक सुमाड़ी में भी फर्जी तरीके से एटीएम बदलकर खाते से 37200 रुपये निकालने का मामला प्रकाश में आया था।