रुद्रपुर में तपस्या विहार का निरीक्षण करती एसडीएम मुक्ता मिश्रा।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। कोरोना संक्रमित युवक के पिता, पत्नी और भाई की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आने के बाद रविवार को तपस्या विहार और नंद कॉलोनी के कुछ क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है। दोनों कॉलोनियों में बेरिकेडिंग कर दी गई है।
गंगापुर रोड, तपस्या विहार में किराये पर रहने वाले एक युवक की कुछ दिन पहले कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद शनिवार को युवक के पिता, पत्नी और भाई की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई। इसके बाद रविवार को प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तपस्या विहार का निरीक्षण किया।
इस दौरान पता चला कि कोरोना संक्रमित युवक का निकट ही नंद विहार कॉलोनी में मकान बन रह रहा है। इस कारण वह निर्माण स्थल पर जाता था, जिस कारण एहतियातन प्रशासन ने तपस्या विहार और नंद विहार कॉलोनी को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया। एसडीएम मुक्ता मिश्रा और सीओ अमित कुमार ने बताया कि कंटेनमेंट जोन घोषित करने के बाद कॉलोनी में बेरिकेडिंग कर दी गई है।