जिला आशा संसाधन केंद्र की ओर से आयोजित आशा सम्मेलन में बेहतर कार्य करने वाले ब्लाक कार्डिनेटर, आशा फैसिलेटर व आशा कार्यकत्रियों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर आशा कार्यकत्रियों को उनके कर्तव्यों व अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी गई।
सम्मेलन का शुभारंभ मुख्य अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता भरत सिंह चौधरी ने किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधा बेहतर बनाने में आशाओं की भूमिका प्रशंसनीय है। वह ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ हैं। उन्होंने आशाओं को कार्य के अनुसार मानदेय देने की भी मांग उठाई। विशिष्ठ अतिथि ब्लाक प्रमुख जगमोहन रौथाण ने कहा कि आशाओं की समस्याओं के निराकरण के लिए मिलकर कार्य किया जाएगा। इस मौके पर बेहतर कार्य करने के लिए आशा वर्ग में यशोदा देवी, भरोसी देवी व रामेश्वरी देवी, आशा फैसीलेटर वर्ग में पर्मिला देवी, कविता देवी व सरिता देवी को क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया।
वहीं ब्लाक कार्डिनेटर गजपाल सिंह बुटोला व जगजीत सिंह को भी सम्मानित किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता सिविल जज जूनियर डिवीजन संगीता आर्य व संचालन आशा संसाधन केंद्र गोमती प्रयाग जन कल्याण परिषद के प्रभारी डा. अनिल नौटियाल ने किया। इस मौके पर उप मुख्य चिकित्साधिकारी डा. ओपी आर्य, दिनेश चंद्र मैखुरी, हिमांशु नौडियाल, लक्ष्मी प्रसाद डिमरी, श्याम लाल सुंद्रियाल समेत दो सौ आशा कार्यकत्रियां उपस्थित थी।