संवाद न्यूज एजेंसी
जखोली। जनपद की तहसील जखोली अंतर्गत ग्राम कुरछोला निवासी अर्जुन सिंह मुंबई से अपने घर लौटते समय ट्रेन में यात्रा के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वे गत तीन अगस्त को मुंबई स्थित बांद्रा रेलवे स्टेशन से सायं करीब 6:45 बजे गोल्डन टेंपल एक्सप्रेस से सहारनपुर के लिए रवाना हुए थे। कई दिन बीत जाने के बाद भी वे न तो अपने गंतव्य पहुंचे और न ही उनका कोई पता चल पाया। पूर्व जेष्ठ प्रमुख जखोली नागेन्द्र सिंह पंवार ने बताया कि परिजनों को किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन पर सूचना दी है कि अर्जुन सिंह का बैग पंजाब के अमृतसर में बरामद हुआ है। इस सूचना के बाद से ही पीड़ित परिवार किसी अनहोनी की आशंका से तनाव और चिंता में है। परिजनों ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए शासन-प्रशासन से शीध्र हस्तक्षेप की गुहार लगाई है। उन्होंने राज्य सरकार से शीघ्र पंजाब, हरियाणा व उत्तर प्रदेश की पुलिस एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर अर्जुन सिंह की जल्द से जल्द खोजबीन व सकुशल बरामदगी करने की मांग की है। संवाद