केदारनाथ घाटी के लिए वाहनों को बेलनी पुल और तिलवाड़ा मार्ग से भेजा जा रहा
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ बाईपास पर जवाड़ी की ओर से पुल की एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त होने से केदारनाथ हाईवे की तरफ यातायात बंद हो गया है। ऐसे में केदारनाथ घाटी के लिए वाहनों बेलनी पुल और टिहरी-चिरबटिया-मयाली-तिलवाड़ा मार्ग से भेजा जा रहा है। बाईपास पूर्व में मानसून सीजन के दौरान भी कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गया था।
सोमवार को हुई बारिश के कारण केदारनाथ बाईपास मार्ग पर जवाड़ी की ओर पुल की एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त हो गई जिससे यहां वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। सूचना पर एनएच खंड ने एप्रोच रोड की मरम्मत का काम शुरू कर दिया। एनएचखंड का कहना है कि एप्रोच रोड मरम्मत में करीब दो दिन का समय लगेगा। इस दौरान तिलवाड़ा, अगस्त्यमुनि, ऊखीमठ व केदारघाटी के लिए वाहनों का आवागमन रुद्रप्रयाग मुख्य बाजार से बेलनी पुल होते हुए संचालित किए जा रहे हैं। साथ ही केदारनाथ धाम आने वाले यात्री वाहनों को टिहरी-चिरबटिया-मयाली-तिलवाड़ा मार्ग से भेजा जा रहा है। वहीं त्योहारी सीजन पर यातायात व्यवस्था बेहतर बनी रहे इसके लिए सीओ प्रबोध घिल्डियाल ने मुख्य बाजार क्षेत्र में हाईवे को अतिक्रमण मुक्त रखे जाने व मुख्य बाजार में वाहनों को खड़ा न किए के लिए कोतवाली पुलिस को निर्देश दिए गए हैं। वहीं एनएच खंड के अधिशासी अभियंता ओंकार सिंह का कहना है कि एप्रोच रोड की मरम्मत जल्द कर दी जाएगी। इसके बाद वन वे ट्रैफिक शुरू कर दिया जाएगा।