जखोली ब्लाक के स्यूर बांगर क्षेत्र में स्थायी एएनएम हीं होने से ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
स्थिति यह है कि गर्भवती महिलाओं व नवजात शिशुओं को समय पर टीके भी नहीं लग पा रहे हैं। ग्रामीणों ने सीएमओ को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में स्थायी एएनएम की तैनाती की मांग की है।
भुनालगांव के युवा मंगल दल अध्यक्ष योगंबर सिंह बैरवाण ने बताया कि न्याय पंचायत स्यूर के अंतर्गत स्यूर, भुनालगांव, बक्सीर, डांगी, खौड़, उच्छोला आदि गांवों के लिए स्वास्थ्य विभाग ने एक अस्थायी एएनएम की तैनाती की है।
उन्होंने बताया कि स्थायी एएनएम नहीं होने से सबसे अधिक परेशानी गर्भवती महिलाओं व नवजात शिशुओं को उठानी पड़ रही है। अस्थायी एएनएम गर्भवती महिलाओं व नवजात शिशुओं को समय पर टीके नहीं लगा पा रही हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि शीघ्र क्षेत्र में स्थायी एएनएम की तैनाती नहीं हुई तो ग्रामीण आंदोलन करेंगे। इधर, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. आरपी बडोनी ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए कार्रवाई की जाएगी।