काशीपुर। गोविषाण टीले में छिपा तेंदुआ एक प्लॉट की चहारदीवारी फांदकर घनी आबादी में घुस आया। उसने पालतू कुत्ते पर हमला कर दिया। बच्चों के शोर मचाने और पथराव करने पर तेंदुआ वहां से भाग खड़ा हुआ। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर अभियान चलाया और कॉलोनी के लोगों से सतर्क रहने की अपील की।
बृहस्पतिवार की शाम करीब चार बजे जसपुर खुर्द के द्रोण विहार कालोनी निवासी दिव्यांश, धुव्र और अंश तनेजा पालतू कुत्ते को लेकर गली में घूम रहे थे। इसी बीच एक खाली प्लॉट में बनी बगिया की दीवार फांदकर अचानक तेंदुआ वहां आ धमका। तेंदुए ने कुत्ते को शिकार बनाने का प्रयास किया लेकिन बच्चों के शोर मचाने और पत्थर मारने पर तेंदुआ कुछ दूरी पर जाकर खाली प्लॉट में झाड़ियों में घुस गया। बाद में वह गोविषाण टीले की और चला गया। कालोनी वासियों की सूचना पर वन विभाग के रेंजर अभिलाष वीर सक्सेना टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने खाली प्लाटों और द्रोण सागर टीले पर अभियान चलाया लेकिन उसका पता नही चल पाया। टीम ने कॉलोनी के लोगों से सतर्क रहने को कहा है। साथ ही सुनसान इलाकों में पालतू जानवरों को नही घुमाने की हिदायत दी है। रेंजर सक्सेना ने बताया कि तेंदुए की पकड़ के लिए टीले के आसपास पिंजरा लगाया जाएगा। गौरतलब है कि द्रोण सागर घूमने आने वाले लोग इससे पूर्व दो बार तेंदुए को देख चुके है। दो माह पूर्व तेंदुआ एक बागवान के कुत्ते को भी घायल कर चुका है।