रुद्रप्रयाग। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान रतूड़ा में बृहस्पतिवार को जनपद स्तरीय सामाजिक विज्ञान महोत्सव-2026 आयोजित किया गया। इसमें ब्लॉक अगस्त्यमुनि, ऊखीमठ और जखोली के कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। क्विज, मॉडल प्रदर्शनी और भाषण प्रतियोगिता तीनों में अगस्त्यमुनि के प्रतिभागियों ने प्रथम स्थान हासिल किया। क्विज प्रतियोगिता में अगस्त्यमुनि के आरव पटवाल प्रथम और जखोली के कार्तिक द्वितीय रहे।
मॉडल प्रदर्शनी में अगस्त्यमुनि के अभय प्रथम, जखोली के पीयूष द्वितीय और ऊखीमठ के शिवांश ढौंडियाल तृतीय स्थान पर रहे। भाषण प्रतियोगिता में अगस्त्यमुनि के श्रविल प्रथम और ऊखीमठ की अपेक्षा द्वितीय रही। विजेताओं को एटलस, शिक्षण सामग्री, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डायट प्राचार्य हरिवल्लभ डिमरी और जनपद कार्यक्रम समन्वयक ममता रावत ने किया। क्विज का संचालन सह-समन्वयक चैतन्य कुकरेती ने किया। भाषण और मॉडल प्रतियोगिता के निर्णायक डायट प्रवक्ता राखी बिष्ट, सूरज सिंह नेगी और सीआरसी सुमेरपुर रोहित कंडारी रहे। सह-समन्वयक चैतन्य कुकरेती ने बताया कि जनपद स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में रुद्रप्रयाग का प्रतिनिधित्व करेंगे।