रुद्रप्रयाग के रांसी गांव में राकेश्वरी मंदिर पहुंचे आचार्य बालकृष्ण - संवाद
रुद्रप्रयाग। पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के सह प्रबंधक आचार्य बालकृष्ण ने नवरात्र के अवसर पर रासी गांव स्थित राकेश्वरी मंदिर में विशेष अनुष्ठान किया। नवमी के दिन नौ कन्याओं और भैरवनाथ की पूजा कर उन्होंने विश्व शांति और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि वे हर नवरात्र में देश के विभिन्न शक्तिपीठों में अनुष्ठान करते रहे हैं और आगामी समय में भी केदार घाटी के देवी मंदिरों में हवन व पूजा करेंगे। उन्होंने कहा कि हिमालय की कंदराओं और नदी तटों पर प्राचीन ऋषि-मुनियों ने तपस्या कर आयुर्वेद को समृद्ध किया जहां आज भी अद्भुत आध्यात्मिक ऊर्जा और शांति का अनुभव होता है। उन्होंने राकेश्वरी मंदिर की मान्यता का जिक्र करते हुए कहा कि यहां चंद्रमा को क्षय रोग से मुक्ति मिली थी। इसी आस्था के साथ उन्होंने नौ दिनों तक निराहार रहकर अनुष्ठान किया। इस दौरान शिव मंदिर में रुद्राभिषेक भी किया गया। इस अवसर पर राज्यमंत्री चंडी प्रसाद भट्ट, पुजारी शिव शंकर लिंग, आचार्य दिनेश शास्त्री, विपिन सेमवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। संवाद