रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा की तैयारियों के तहत घोड़ा-खच्चरों के लाइसेंस बनाने की प्रक्रिया भी जारी है। बृहस्पतिवार को सीतापुर में आयोजित शिविर में जांच के बाद करीब 50 संचालकों को लाइसेंस जारी किए गए। पशुपालन विभाग की ओर से तय रोस्टर के अनुसार विभिन्न यात्रा पड़ावों पर पंजीकरण किया जा रहा है। सीतापुर में पूर्वाह्न 11 बजे से शुरू हुए शिविर में पशु चिकित्सकों ने घोड़ा-खच्चरों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। मेडिकल फिट पाए जाने पर प्रमाणपत्र जारी किए गए और पशु बीमा की प्रक्रिया पूरी कर लाइसेंस दिए गए। जिला पंचायत कर सहायक बलबीर सिंह नेगी ने बताया कि कई संचालक पहले ही रामपुर और त्रियुगीनारायण में लाइसेंस बनवा चुके हैं जिस कारण सीतापुर शिविर में अपेक्षाकृत कम संख्या में लाइसेंस जारी हुए। संवाद