दिनेशपुर। एक ग्रामीण ने थाने में तहरीर देकर एक वृद्ध पर उसकी नाबालिग बेटी से लगातार दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने केस दर्ज कर पीड़िता को मेडिकल के लिए भेजा। आरोपी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
गांव के एक मजदूर ने थाने में तहरीर देकर कहा कि पांच माह पहले उसकी नाबालिग बेटी (13) गांव में स्थित एक फर्नीचर की दुकान पर लकड़ी का बुरादा लेने गई थी। आरोप है कि दुकान मालिक छत्तरपुर निवासी नरेंद्र सिंह नेगी ने वहां उसकी बेटी से दुष्कर्म किया।
आरोपी ने मामले का किसी से जिक्र करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। आरोप है कि आरोपी बीते पांच माह से लगातार उसकी बेटी से दुष्कर्म करता आ रहा है। वर्तमान में उसकी बेटी गर्भवती है, जिसकी जानकारी बेटी ने शनिवार को परिजनों को दी। पुलिस ने पिता की तहरीर के आधार पर नरेंद्र के खिलाफ धारा 376, 506 आईपीसी और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
नाबालिग को भगाने का आरोपी दबोचा
गदरपुर। सात माह पूर्व नाबालिग को बहलाकर ले जाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।
क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने 20 मार्च 2019 को पुलिस को तहरीर सौंपकर बताया था कि बीते आठ मार्च को उसकी नाबालिग बेटी घर से बिना बताए कहीं चली गई। पुलिस ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी थी। जांच में पता चला कि ग्राम सुंदरपुर थाना नानकमत्ता निवासी बलविंदर सिंह किशोरी को बहलाकर अपने साथ ले गया है।
बीते 27 मई को पुलिस को बलविंदर के महतोष में आने की सूचना मिली। वहां दबिश देकर पुलिस ने बालिका को बरामद कर लिया था जबकि बलविंदर सिंह मौके से फरार हो गया था। मुखबिर की सूचना पर बीते शनिवार शाम पुलिस टीम ने बलविंदर सिंह को ग्राम तेजा फौजा की पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। बलविंदर के खिलाफ आईपीसी की धारा 376 आईपीसी एवं पॉक्सो अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।
प्यार में धोखे की शिकार किशोरी को अपने साथ ले गए पिता
रुद्रपुर/गदरपुर। मोबाइल में आए मिस कॉल के बाद घर छोड़कर प्रेमी केे घर आकर छली गई किशोरी को बमुश्किल पिता अपने साथ ले जाने को राजी हुए। वन स्टॉप सेंटर में काउंसलिंग के बाद किशोरी को पिता के सुपुर्द कर दिया गया।
अल्मोड़ा जिले के एक गांव निवासी किशोरी के मोबाइल पर एक अनजान नंबर से मिस कॉल आई थी। इसके बाद किशोरी की उक्त नंबर पर बातचीत शुरू हो गई थी। इसके बाद मामला प्रेम प्रसंग में बदला तो किशोरी 20 सितंबर को घर छोड़कर गदरपुर में रहने वाले प्रेमी के घर पहुंच गई।
चार दिन तक प्रेमी ने किशोरी को अपने साथ रखा और उसका शारीरिक शोषण करने के बाद पल्ला झाड़ लिया। किशोरी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी रिहान निवासी झगड़पुरी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज किया था।
आरोपी रिहान को बीती 24 सितंबर को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया जबकि किशोरी को वन स्टॉप सेंटर के सुपुर्द किया गया था। सूत्रों के मुुताबिक किशोरी के मोबाइल नंबर में कई अनजान नंबरों की कॉल दर्ज थी। युवक से संपर्क होने के बाद से ही किशोरी को कई और नंबरों से फोन आने शुरू हुए थे। इससे अंदेशा जताया जा रहा है कि कहीं कोई गिरोह पहाड़ों पर सक्रिय तो नहीं है, जो इस तरह की गतिविधियों में लिप्त है।
इधर, वन स्टॉप सेंटर की एडमिनिस्ट्रेटर कविता बडोला ने बताया कि किशोरी के घर से आने के बाद परिजनों ने कोई रिपोर्ट तक दर्ज नहीं कराई थी। मामले को लेकर जब पिता से संपर्क किया गया तो उन्होंने बेटी को ले जाने से इनकार कर दिया। काफी प्रयास के बाद पिता को रुद्रपुर बुलाया गया और काउंसलिंग की गई। इसके बाद रविवार सुबह किशोरी को पिता अपने साथ घर लेकर गए।