रुद्रप्रयाग। लुधियाना से दोस्तों के साथ हरिद्वार जाने की बात कहकर केदारनाथ पहुंचा एक युवक लिनचोली के समीप गदेरे में बेहोश मिला। पुलिस ने युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। साथ ही उसके परिजनों को इसकी सूचना दी।
बीते मंगलवार को अपराह्न बाद गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर छानी कैंप के समीप पुलिस को एक युवक बेहोश मिला। लिनचोली चौकी पुलिस ने युवक को तत्काल एमआरपी (मेडिकल रिलीफ पोस्ट) में भर्ती किया गया। उपचार के बाद उसकी तबीयत में सुधार हुआ। पूछताछ में युवक आयुष (18) ने बताया कि वह लुधियाना का रहने वाला है। वह परिजनों को बिना बताए यहां पहुंचा है। पुलिस ने युवक के परिजनों को इसकी सूचना दी और उन्हें सोनप्रयाग पहुंचने के लिए कहा। बीते बुधवार को आयुष के परिजन दीपक कुमार निवासी ताजपुर रोड, बाबा जीवन सिंह नगर, निकट, सेंट्रल जेल, थाना 7 नंबर, डिवीजन, जिला लुधियाना, पंजाब से सोनप्रयाग पहुंचे और पुलिस ने आयुष को उनके सुपुर्द कर दिया। बेटे को सकुशल पाकर परिजनों ने पुलिस का आभार जताया।