केदारनाथ। गंगा की सुचिता और निर्मलता के लिए अब राज्य सरकार भी सजग हो गई है। केंद्र सरकार की तर्ज पर अब राज्य में भी गंगा की स्वच्छता के लिए पृथक रुप से गंगा एक्शन प्लान बनाया जाएगा। इसके लिए शीघ्र ही मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित की जाएगी। सोमवार को केदारनाथ धाम में संपन्न हुई कैबिनेट बैठक में यह निर्णय लिया गया।
मुख्यमंत्री हरीश रावत ने बताया कि कैबिनेट ने केंद्र सरकार को गंगा एक्शन प्लान के तहत दस हजार करोड़ का प्रस्ताव भेजा है। इसके अलावा राज्य में पृथक रुप से भी गंगा एक्शन प्लान संचालित करने पर सहमति जताई गई है। इसके लिए बदरीनाथ, उत्तरकाशी और देवप्रयाग तीनाें में किसी एक स्थान पर मौसम को देखते हुए मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में राज्य स्तर पर संचालित किए जाने वाले गंगा एक्शन प्लान पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।