रुद्रप्रयाग। अगस्त्यमुनि ब्लॉक के बच्छणस्यूं क्षेत्र की 21 ग्राम पंचायतों के 92 गांवों को जल्द ही लो-वोल्टेज और अनियमित बिजली कटौती से निजात मिल जाएगी। यहां फतेहपुर के भटनगर में प्रस्तावित 33 के विद्युत सब स्टेशन निर्माण के लिए ऊर्जा निगम निविदा आमंत्रित कर रहा है। साथ ही जनपद में अन्य स्थानों पर स्वीकृत विद्युत सब स्टेशन के निर्माण को लेकर भी विभागीय स्तर पर कागजी कार्रवाई पूरी की जा रही है।
वर्ष 2018 में ऊर्जा निगम द्वारा फतेहपुर के भट्टनगर में वर्ष 2018 में 33 केवी विद्युत सब स्टेशन स्वीकृत किया गया था। ऊर्जा निगम द्वारा प्रोजेक्ट तैयार कर सेकंड्री सिविल विंग देहरादून को भेज दिया गया था। अब, सब स्टेशन निर्माण के लिए सभी औपचारिकताएं पूरी हो गईं हैं। अधिकारियों के अनुसार, सब स्टेशन निर्माण के लिए निविदा आमंत्रित की जा रही है। सब स्टेशन बन जाने से बच्छणस्यूं क्षेत्र की 21 ग्राम पंचायतों के 92 गांवों को पर्याप्त बिजली मिल जाएगी।
लघु एवं कुटीर उद्योग की संभावनाओं को भी बल मिलेगा
बता दें कि यहां पिछले कुछ समय से उपभोक्ता अनियमित बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे हैं। ऐसे में विद्युत सब स्टेशन के निर्माण से स्थानीय स्तर पर लघु एवं कुटीर उद्योग की संभावनाओं को भी बल मिलेगा। दूसरी तरफ बांसबाड़ा, सोनप्रयाग और नगरासू में प्रस्तावित विद्युत सब स्टेशन के निर्माण को लेकर जल्द दूसरे चरण की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बच्छणस्यूं के फतेहपुर-भट्टनगर में प्रस्तावित सब स्टेशन के निर्माण के लिए निविदा आमंत्रित की जा रही है। सभी औपचारिकताएं पूरी होते ही इस वर्ष जून से सब स्टेशन का निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। -मनोज सती, अधिशासी अभियंता, ऊर्जा निगम