रुद्रप्रयाग। प्रधानमंत्री सहज हर घर बिजली योजना सौभाग्य के तहत पहले चरण में जनपद के 15 बीपीएल परिवारों को नि:शुल्क विद्युत संयोजन बांटे गए। इस मौके पर योजना के प्रचार-प्रसार के लिए ठोस योजना बनाने पर चर्चा की गई।
विकास भवन में नगर पालिका के अध्यक्ष राकेश नौटियाल व डीएम मंगेश घिल्डियाल ने संयुक्त रूप से सौभाग्य योजना का शुभारंभ किया। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार देश के चौमुखी और जरूरतमंदों के विकास के लिए बेहतर कार्य कर रही है। पीएम मोदी का हर घर, गांव, शहर व हर परिवार तक बिजली पहुंचाने का यह प्रयास देश के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। बताया कि योजना के तहत दिसंबर 2018 तक हर घर को बिजली पहुंचाने का लक्ष्य रखा है, जो समय पर पूरा हो जाएगा। डीएम ने बताया कि जनपद में करीब 6 हजार परिवार आज भी विद्युत सुविधा से वंचित है। इस योजना के तहत इन सभी परिवारों को शामिल कर विद्युतीकरण किया जाएगा। ऊर्जा निगम के ऊर्जा निगम के अधीक्षण अभियंता बृजमोहन सिंह परमार ने बताया कि यह योजना शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत से वंचित परिवारों के लिए है। एपीएल परिवारों को इस योजना का लाभ मिलेगा, उन्हें 500 रुपये एक मुश्त राशि या 50 रुपए प्रतिमाह किश्त के रूप में संयोजन दिया जाएगा। इस मौके पर 15 बीपीएल परिवारों को नि:शुल्क विद्युत संयोजन वितरित किए गए। ईई मनोज सती ने बताया कि जनपद में सौभाग्य योजना के तहत 60 आवेदन मिले थे। 15 परिवारों के यहां विद्युत संयोजन लगा दिया गया है। शेष को अगले दो दिन में जोड़ दिया जाएगा। कार्यक्रम में एसडीओ एसएस बिष्ट, अर्चित भट्ट सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारी मौजूद थे।