ृरुद्रप्रयाग। जिला योजना के तहत विभागों की विभिन्न योजनाओं की जानकारी अब आम आदमी को अपने मोबाइल पर आसानी मिल सकेंगी। इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा एक मोबाइल एप तैयार किया गया है, जिसमें जनपद में संचालित सभी विभागों की योजनाओं को शामिल किया गया है।
पुराने विकास भवन में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने मोबाइल एप को लांच किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि इस एप से जिला योजना, राज्य सेक्टर और बाह्य सहायतित योजनाओं के तहत विभागों द्वारा कराए जा रहे कार्यों की जानकारी मुहैया हो सकेगी। एप में कृषि, उद्यान, पशुपालन एवं आजीविका से संबंधित विभागों द्वारा वर्ष 2017-18 के लाभार्थियों की सूची अपलोड की गई है। साथ ही स्वीकृत सड़कों के स्वीकृत वर्ष व लागत की जानकारी भी मिल पाएगी। कहा कि इस एप को तैयार करने का मुख्य उद्देश्य जिला स्तर पर संपादित होने वाली विकास योजनाओं के तहत होने वाले कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखना है। इस मौके पर उप वन संरक्षक मयंक शेखर झा, एसडीएम सदर देवानंद शर्मा, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राजेश कुमार, सीवीओ डा. रमेश सिंह नितवाल, सीएओ एसएसवर्मा, डीएचओ योगेंद्र सिंह चौधरी समेत अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे।